वाराणसी। शारीरिक शिक्षा एवं योग विभाग, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के बी.पी.एड. एवं एम.पी.एड. (प्रथम सेमेस्टर) सत्र 2023–24 के विद्यार्थीयों का शैक्षणिक भ्रमण मंगलवार को सम्पन्न हुआ। यात्रा का शुभारंभ विभागाध्यक्ष प्रो. सुशील कुमार गौतम ने विभाग के समक्ष किया। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने विश्व के विशालतम साधना केन्द्र स्वर्वेद मन्दिर उमरहा का भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने मंदिर के इतिहास एवं उसके विहंगम योग केन्द्र में होने वाली ध्यान क्रिया के विषय में जानकारी प्राप्त की। साथ ही विद्यार्थियों ने मेडिटेशन क्रिया के द्वारा ध्यान के लाभ को समझने का प्रयास किया। इसके बाद मनोरंजनात्मक खेल का आयोजन किया गया। मन्दिर प्रबन्धन द्वारा सभी छात्र-छात्राओं को मन्दिर के क्रिया कलापों से अवगत कराया गया। साथ ही सामाजिक उत्थान में मन्दिर की भूमिका का विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। शैक्षणिक भ्रमण के सुचारू संचालन में शैक्षणिक भ्रमण संयोजक डॉ. बालरूप यादव, रमेश कुमार यादव, पंकज कुमार, ओमप्रकाश, रामाश्रय भारती का विशेष योगदान रहा।

