आधी रात IPS विक्रांत वीर को भेजा; बिहार बॉर्डर पर 1000 ट्रकों से वसूलते थे 5 लाख
योगी सरकार ने बलिया के एसपी देवरंजन वर्मा और एएसपी दुर्गा प्रसाद तिवारी को हटा दिया है। दोनों वेटिंग में रखे गए हैं। CO सदर शुभ सुचित को सस्पेंड किया गया है। सरकार ने CO, SHO और चौकी इंचार्ज के खिलाफ विजिलेंस जांच शुरू कराई है, जो उनकी संपत्ति की जांच करेगी।
आधी रात देवरंजन की जगह PAC 37वीं वाहिनी से विक्रांत वीर को बलिया भेजा गया है। यह कार्रवाई बलिया में यूपी-बिहार बॉर्डर पर अवैध वसूली की पुष्टि होने के बाद की गई। पुलिसवाले ही पैसे लेकर शराब, मवेशी और बालू लदे ट्रकों को बॉर्डर पार कराते थे।
इनपुट के आधार पर ADG वाराणसी पीयूष मोर्डिया ने STF टीम के साथ सिविल ड्रेस में छापा मारा। ADG बुधवार रात 12 बजे पहुंचे। उन्होंने 2 पुलिसकर्मियों सहित 18 लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया। इनमें 16 दलाल शामिल हैं।
7 पुलिसकर्मियों समेत 23 के खिलाफ केस दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष नरही समेत 5 पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गए। ADG ने तत्काल एक्शन लेते हुए कोरंटाडीह चौकी के सभी 6 पुलिसकर्मियों और थानाध्यक्ष नरही पन्ने लाल को सस्पेंड कर दिया। इनके खिलाफ वहीं FIR दर्ज हुई, जहां से ड्यूटी करते थे। पूरा मामला भरौली बिहार-यूपी बॉर्डर का है।
हर दिन करते थे 5 लाख की वसूली
डीआईजी आजमगढ़ वैभव कृष्ण ने बताया- इस एंट्री-एग्जिट पाॅइंट से रोजाना रात में 1000 ट्रक गुजरते हैं। पुलिस वाले हर ट्रक से 500 रुपए की वसूली करते थे। हर रोज 5 लाख की वसूली थी।
DIG ने पहले रेकी की फिर रेड डाली
डीआईजी आजमगढ़ वैभव कृष्ण ने बताया- कुछ समय से हमें सूचना मिल रही थी कि नरही क्षेत्र के भरौली तिराहे पर यूपी-बिहार के एंट्री-एग्जिट पॉइंट पर ट्रकों से अवैध वसूली चल रही है। इसके बाद एडीजी जोन वाराणसी और मैंने सिविल ड्रेस में यहां की रेकी की। इसके बाद अच्छे से प्लान करके बुधवार देर रात रेड डाली गई।
वैभव कृष्ण ने बताया- अधिकारियों की टीम जब भरौली तिराहे पर पहुंची तो वहां 2 पुलिसकर्मी अवैध वसूली कर रहे थे। टीम ने उन्हें हिरासत में लिया। 5 पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गए।
बाइक, रजिस्टर और मोबाइल भी बरामद
यहां तस्करी के ट्रकों से अवैध वसूली के कारण बलिया से गाजीपुर के पूर्वांचल एक्सप्रेस वे तक 18 किमी जाम लगता था। शिकायत यह भी थी कि पुलिस ने वसूली के लिए यहां निजी लोगों को कमीशन पर लगा रखा था। फिलहाल हिरासत में लिए पुलिसकर्मियों से पूछताछ जारी है।
पांच पुलिस वाले फरार
थाना इंचार्ज नरहीं पन्ने लाल, चौकी इंचार्ज कोरंटाडीह SI राजेश कुमार प्रभाकर, हेड कॉन्स्टेबल विष्णु यादव, सिपाही दीपक मिश्रा और सिपाही बलराम सिंह फरार हैं।