मोदी का विजन फेल रहा; विधानसभा चुनाव भी अखिलेश के साथ लड़ने के संकेत दिए
राहुल गांधी ने कहा- मेन लड़ाई अब उत्तर प्रदेश में होगी। चुनाव आ रहे हैं, यूपी में हमारा गठबंधन बहुत मजबूत है। हमारा उत्तर प्रदेश में बहुत अच्छा परफॉर्मेंस होगा। देश की राजनीति को उत्तर प्रदेश बदलता है। मोदी का विजन फेल हो चुका है। वायनाड सीट छोड़ने के फैसले के बाद राहुल गांधी ने यह बात एक इंटरव्यू में कही।
राहुल गांधी ने कहा- वायनाड सीट छोड़ने का फैसला लेना काफी मुश्किल और इमोशनल डिसीजन था, क्योंकि मेरा रायबरेली और वायनाड दोनों जगह से गहरा रिश्ता है।
मैं पिछले पांच साल से वायनाड का MP हूं। वहां मुझे बहुत प्यार और सम्मान मिला। लेकिन, कांग्रेस प्रेसिडेंट ने कहा कि मुझे रायबरेली में रहना चाहिए। मेरी भी सोच यही थी। रायबरेली से कांग्रेस का पुराना रिश्ता है, इसलिए वहां से सांसद बने रहने का फैसला लिया। मैंने, वायनाड और रायबरेली के लोगों से कहा है कि अब उनके दो सांसद हैं। मैं बहुत खुश हूं कि प्रियंका वायनाड जाएंगी। मैं भी उनका सपोर्ट करने वायनाड जाऊंगा। मुझे गर्व है कि मेरी बहन वहां से चुनाव लड़ेंगी। वायनाड और रायबरेली हमारे लिए घर जैसा ही है।
राहुल गांधी ने कहा, यूपी के नतीजों ने देश की राजनीति बदली है। देश में पहले नफरत और हिंसा की राजनीति हो रही थी। जनता ने उसी का जवाब चुनाव में दिया। अयोध्या में भाजपा की हार भी डायरेक्ट मैसेज है कि नफरत की राजनीति स्वीकार नहीं है। हमें लगता है कि हमने यूपी में अच्छा प्रदर्शन किया। यूपी से देश की राजनीति बदलती है।
उन्होंने कहा, कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन का श्रेय देश की जनता को जाता है। मैं भारत जोड़ो यात्रा पर था, तो सिर्फ मैं नहीं था। मीडिया भले कहे कि राहुल गांधी चल रहा है। लेकिन मैं नहीं, मेरे साथ लाखों लोग चल रहे थे। जनता ने इस बार क्लियर मैसेज दिया है। मीडिया और संस्थान भाजपा के साथ थे। इलेक्शन कमीशन ने फॉर्मेट में चुनाव बनाया। यह फ्री एंड फेयर इलेक्शन नहीं था, लेकिन जनता ने अपना व्यू (विचार) सामने रखा। मुझे लगता है कि यह फ्री एंड फेयर इलेक्शन होता, तो भाजपा को 102-104 सीटें मिलतीं। हमें फुल मेजॉरिटी मिलती। इंडिया गठबंधन स्वीप करता।
राहुल ने कहा, पिछले 10 सालों में जो विजन नरेंद्र मोदी जी ने दिया, वो फेल विजन है। बेरोजगारी-महंगाई देखिए। इकोनॉमी देखिए, स्मॉल मीडियम बिजनेस और किसानों की हालत भी देखिए। चीन हिंदुस्तान की धरती पर बैठा है। सभी जगहों पर उनका विजन फेल है। अब विपक्ष की जिम्मेदारी बनती है कि हम देश को दूसरा विजन दें। आगे का रास्ता कैसा हो, कैसे आगे बढ़ें। बेरोजगारी और महंगाई को कैसे दूर किया जाए? ऐसे सवालों का जवाब कांग्रेस और इंडिया गठबंधन देगा। महालक्ष्मी प्रोग्राम और जातीय जनगणना, पहली नौकरी पक्की स्कीम में हमारा विजन बनेगा। काम हमारा अभी से शुरू हो रहा है।