वाराणसी में एक क्रिश्चियन कब्रिस्तान में पिता के दोस्त ने 5 साल की मासूम के साथ रेप किया। जब वह बदहवास हो गई, तब उसे छोड़कर भाग गया। कब्रिस्तान में ही उसके माता-पिता काम कर रहे थे, लेकिन उन्हें वारदात की भनक तक नहीं लगी।
पिता जब कब्रिस्तान से 20 मीटर दूर अपने घर पहुंचे तो बेटी गायब थी। उसे खोजते हुए कब्रिस्तान पहुंचे, तो वहां उसके रोने की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखा तो बच्ची खून से लथपथ पड़ी थी। उसे अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। घटना लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र की है।
अब पढ़िए पूरी घटना…
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में एक क्रिश्चियन परिवार कब्रिस्तान के पास में रहता है। बच्ची के पिता ने बताया-BLW क्षेत्र के निवासी विनोद (40) से उसकी दोस्ती थी। वह सेंट जान्स मड़ौली में माली के पद पर कार्यरत है। उसका मेरे घर पर आना जाना था। मेरी बेटी उसे बड़े पापा कहती थी।
12 अप्रैल की शाम को वह मेरे घर आया था। उस समय बेटी घर पर अकेली थी। मैं और मेरी पत्नी कब्रिस्तान में साफ-सफाई का काम कर रहे थे। वह बेटी को बहाने से कब्रिस्तान में बने कमरे में ले गया। वहां उसके साथ रेप किया। वारदात के समय वह बेटी का मुंह दबाए था, जिससे उसकी आवाज कोई सुन न पाए।
जब हम मौके पर पहुंचे तो बेटी कुछ भी बोल नहीं पा रही थी। केवल रो रही थी। उसकी हालत बहुत खराब थी। अभी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
बच्ची की तबीयत में सुधार होने पर दी तहरीर
बच्ची के पिता ने बताया, सोमवार को बेटी की तबीयत में थोड़ा सुधार हुआ। तब उसने कहा कि बड़े पापा ने गंदा काम किया है। बेटी ने पूरी घटना बताई। इसके बाद थाने पहुंचकर विनोद के खिलाफ शिकायत दी। केस दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। वह अभी फरार है। उसका फोन बंद जा रहा है।
एसीपी कैंट विदुष सक्सेना ने बताया कि आरोपी पीड़िता के पिता का दोस्त होने के चलते बेटी से भी घुला मिला था। शनिवार को वह घर आया था, लेकिन वहां पर बच्ची के अलावा कोई नहीं था। बच्ची को देखकर उसकी नीयत खराब हो गई। उसे बहाने से ले गया और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। बच्ची की हालत इस समय ठीक है।