वाराणसी। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम में तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में मुख्य अर्चक महंत शशि भूषण त्रिपाठी ‘गुड्डू महाराज’ ने पत्रकार वार्ता कर पर्व की व्यवस्थाओं और विशेष आयोजनों की विस्तृत जानकारी साझा की।
पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ‘श्री सप्त ऋषि महा आरती’ का विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दिव्य दर्शन एवं पूजन का लाभ प्राप्त करेंगे। धाम को आकर्षक पुष्प सज्जा एवं भव्य प्रकाश व्यवस्था से सजाया जा रहा है। सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर प्रशासन और मंदिर प्रबंधन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं।
मुख्य अर्चक ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन प्रातःकाल से रुद्राभिषेक, विशेष पूजन, श्रृंगार आरती एवं अन्य वैदिक अनुष्ठानों का क्रम प्रारंभ होगा। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि सभी भक्तगण सहज रूप से बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकें।
महंत शशि भूषण त्रिपाठी ‘गुड्डू महाराज’ अपने महंत परिवार की 48वीं पीढ़ी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वर्ष 1983 से वे प्रधान पीठ पर विराजमान हैं और आज भी पूर्ण निष्ठा के साथ इस परंपरा एवं दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास पूजन एवं मंत्रों की विशिष्ट परंपरागत विधि सुरक्षित है, जिसे वे समयानुसार योग्य उत्तराधिकारी को ही प्रदान करेंगे। वही आने वाले समय में प्रधान अर्चक का दायित्व संभालेगा।
गुड्डू महाराज भस्मधारी परंपरा का पालन करते हैं। वे चंदन का प्रयोग नहीं करते, बल्कि पूरे शरीर पर केवल पवित्र भस्म धारण करते हैं, जो उनकी साधना, तपस्या और शैव परंपरा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
पत्रकार वार्ता में अभिषेक त्रिपाठी एवं सिद्धार्थ सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं से महाशिवरात्रि पर्व को श्रद्धा, भक्ति एवं अनुशासन के साथ मनाने की अपील की।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर काशी नगरी एक बार फिर शिवमय होने जा रही है, जहाँ हर-हर महादेव के जयघोष से संपूर्ण वातावरण गूंजायमान रहेगा।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि की भव्य तैयारियाँ पूर्ण, मुख्य अर्चक महंत शशि भूषण त्रिपाठी ‘गुड्डू महाराज’ ने पत्रकार वार्ता में दी विस्तृत जानकारी।
Related Posts
Add A Comment

